मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा – अब तक 32 लाख तीर्थयात्री कर चुके चारधाम यात्रा
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब तक 32 लाख तीर्थयात्री चारधाम यात्रा कर चुके हैं। आदि कैलाश यात्रा में भी करीब 40 लाख यात्री पहुंचे हैं। हमारे यहां आस्था और श्रद्धा का एक बड़ा संगम दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में हमारी कांवड़ यात्रा भी शुरू होने वाली है। हम इसकी भी तैयारी कर रहे हैं। हमारे यहां कुंभ मेला भी होने वाला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि चारधाम में श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप दर्शन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) में सख्त प्रावधान किए जाएं। रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक का सख्ती से पालन करें। सचिवालय में कुछ दिन पूर्व चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए। कहा कि चारधाम यात्रा प्रबंधन का मूल मंत्र सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन व सतत संवाद होना चाहिए। बेहतर समन्वय, प्रभावी संवाद व सुव्यवस्थित प्रबंधन से यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सकता है। यात्रा मार्गों पर ट्रकों एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को ही रात के समय चलने की अनुमति दी जाए। दिन के समय बड़े वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रखा जाए।
