आंगनबाड़ी वर्करों ने मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर किया मुख्यमंत्री आवास कूच
देहरादून, न्यूज़ आई: आंगनबाड़ी कार्यकत्री संयुक्त संगठन के बैनर तले तमाम आंगनबाड़ी वर्करों ने मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. वहीं, हाथीबड़कला में रोके जाने पर गुस्साए आंगनबाड़ी वर्कर्स आक्रोश स्वरूप सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं. इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ ही सरकार पर वादा खिलाफी का भी आरोप लगाया. आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सीएम आवास कूच: आज यानी 2 नवंबर को अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर पहले परेड ग्राउंड में एकत्रित हुईं, उसके बाद मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने रोक दिया. जिससे मौके पर गहमागहमी देखने को मिली. वहीं, अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. आंगनबाड़ी कार्यकत्री संयुक्त संगठन की प्रदेश महामंत्री सुशीला खत्री ने बताया कि लंबे समय से वो मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की तरफ से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है. जिससे वो ठगा सा महसूस कर रहे हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी वर्करों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपए किए जाने का फैसला लिया गया है. ऐसे में उत्तराखंड सरकार को भी यहां के आंगनबाड़ी वर्करों के मानदेय में जल्द वृद्धि करनी चाहिए.
