मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन नई बसों के परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी. साथ ही यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है. विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ ही सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी आवश्यक है. सीएम ने कहा कि परिवहन निगम के बेड़े में नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और तमाम क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा.
राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय निवासियों के साथ ही पर्यटकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके. उत्तराखंड परिवहन निगम की इन 59 नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है. इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 तथा देहरादून मंडल को 20 बसें आवंटित की गई हैं. इन बसों का संचालन आवश्यकता के अनुरूप तमाम मार्गों पर किया जाएगा, जिससे आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
