उत्तरकाशी में भारी बारिश से तबाही, पीएम और गृह मंत्री ने सीएम धामी से की बात
देहरादून, न्यूज़ आई : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तरकाशी धराली गांव में बादल फटने की घटना की पूरी जानकारी ली है. शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है और हरसंभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया है. गृह मंत्री ने गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ व अन्य राहत एजेंसियों को तुरंत कार्य करने के निर्देश दिए हैं.
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश दौरा रद्द कर दिया है और वो शाम तक देहरादून पहुंच रहे हैं. सीएम लगातार आपदा प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर रहे हैं. उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के हर्षिल क्षेत्र के धराली गांव में बादल फटने की दुखद घटना पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुःख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री ने इस प्राकृतिक आपदा में हुए जन-धन की हानि पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की तथा घटना की जानकारी ली। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित नागरिकों को शीघ्र राहत पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।
श्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। गृह मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ एवं अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
