धामी मंत्रिमंडल की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोत्तरी को मंजूरी
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की आखिरी कड़ी मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. सीएम धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी है. इसके बाद उनका मानदेय 8,300 रुपये से बढ़कर 10,000 रुपये/महीना हो गया है. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है.
कैबिनेट के फैसले के बाद आशा कार्यकर्ताओं को हर महीने 10 हज़ार रुपये मानदेय मिलेगा. सरकार की ओर से ये वृद्धि 1 दिसंबर 2026 से लागू लागू होने की संभावना है. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की थी. जिसे अब मंत्रिमंडल ने औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है.
उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता यूनियन ने 11,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय और हरियाणा एवं पश्चिम बंगाल की तर्ज पर एकमुश्त सेवानिवृत्ति लाभ देने की मांग की थी. जिसके बाद सरकार में आशाओं का मानदेय बढ़ाने संबंधित घोषणा की थी.
उत्तराखंड में करीब 12 हजार से अधिक आशा कार्यकर्ता काम कर रही हैं. ये कार्यकर्ताएं गांवों और दूरदराज के इलाकों में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, टीकाकरण, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और स्वास्थ्य विभाग की तमाम योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करती हैं. आशा कार्यकर्ताओं का काम सिर्फ स्वास्थ्य सूचना देने तक सीमित नहीं है. वे महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने, बच्चों के टीकाकरण में सहयोग करने, कुपोषण की पहचान करने और स्वास्थ्य शिविरों में मदद करने जैसे काम भी करती हैं, इसलिए उनके मानदेय में बढ़ोतरी को स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
