सीएम धामी ने फोन पर परिजनों से वार्ता कर दिया हर संभव सहायता का आश्वासन
देहरादून, न्यूज़ आई : तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी एवं मलबे की चपेट में आकर बहे बीआरओ के जवान की खोजबीन के लिए रेस्क्यू एवं सर्च अभियान जारी है। घटना में सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज रुधौला तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं एवं अन्य संभावित स्थानों को चिन्हित कर सर्च अभियान चला रही हैं। लापता व्यक्ति की तलाश में दो एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के जवान तथा दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें भी अभियान में सक्रिय हैं। दुर्गम क्षेत्रों में संभावित स्थानों की निगरानी और सर्चिंग के लिए ड्रोन की भी सहायता ली जा रही है। रेस्क्यू अभियान के दौरान भारी बोल्डरों एवं मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाया जा रहा है, ताकि उसके नीचे अथवा आसपास किसी भी संभावित स्थान की गहनता से जांच की जा सके। रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास एक-एक स्थान को बारीकी से खंगाल रही हैं और मलबे, बोल्डरों, जलधारा तथा किनारों सहित हर संभावित जगह पर सघन खोजबीन की जा रही है।
