उत्तराखंड में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
देहरादून, न्यूज़ आई : लोक आस्था का महापर्व छठ आज सोमवार सुबह संपन्न हो गया. चार दिवसीय 36 घंटे का निर्जला व्रत वाला छठ महापर्व अनुष्ठान सोमवार सुबह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ. सूर्य उपासना के इस पर्व पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई. इस दौरान मसूरी में कृत्रिम झील परिसर छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा. ऋषिकेश में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल छठ कार्यक्रम में पहुंचे.
मसूरी में पहाड़ों के बीच बही छठ की आस्था की गंगा: पहाड़ों की रानी मसूरी में भले ही गंगा जैसी नदी और छठ पूजा के लिए कोई प्राकृतिक जलाशय नहीं है, लेकिन यहां रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के प्रवासियों की आस्था के आगे पहाड़ों की भौगोलिक परिस्थितियां भी बाधा नहीं बन सकीं. अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपरा से जुड़ाव का ऐसा ही दृश्य पिक्चर पैलेस पार्किंग में देखने को मिला. यहां मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से कृत्रिम झील तैयार कराकर छठ पूजा का आयोजन किया गया. ठिठुरती ठंड में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
