सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है। कहा कि रक्षाबंधन का पर्व सामाजिक सद्भाव के साथ ही महिलाओं के प्रति आदर एवं सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ बनाता है। रक्षाबंधन महिलाओं के सम्मान से जुड़ा पर्व भी है। महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति हमारा प्रयास निरंतर जारी है। महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी प्रगति के लिए एक आदर्श समाज के निर्माण में सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।
