मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को दिए जन चौपाल और रात्रि चौपाल लगाने के निर्देश
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीती रात अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में मानसून के बाद प्रदेश में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद सड़कों को नुकसान पहुंचने और जनजीवन प्रभावित होने जैसी चुनौतियां सामने आती हैं। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जन चौपाल और तहसील दिवस जैसी पहल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठकों का रोस्टर तैयार कर बैठकें आयोजित की जाएं। इसके साथ ही रात्रि चौपाल भी लगाई जाएं, ताकि लोगों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा करें और छोटी-छोटी समस्याओं का भी तत्काल संज्ञान लेकर उनका समाधान करें। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
