हरिद्वार कुंभ के लिए केंद्र से बड़ी मदद, सीएम धामी ने जताया पीएम का आभार
देहरादून, न्यूज़ आई : धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेले को लेकर तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है. राज्य सरकार भी हरिद्वार कुंभ को लेकर एक्शन में है. इसे लेकर खुद सीएम धामी अधिकारियों के साथ बैठक ले रहे हैं. इसी कड़ी में अब बड़ी खबर आई है. हरिद्वार कुंभ को लेकर केंद्र से बड़ा सहयोग मिला है.हरिद्वार कुंभ के लिए केन्द्र से 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया गया है. केंद्र से मिली इस मदद के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम नरेंद्र मोदी एवं केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है. हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेला-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखण्ड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है. अर्धकुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने केंद्र सरकार से राज्य को अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन की मांग की थी.जिसके बाद केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा अर्धकुंभ मेले के लिए 7,260 मीट्रिक टन गेहूं तथा 7,260 मीट्रिक टन चावल का अतिरिक्त आवंटन किया गया है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्धकुंभ मेले के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखण्ड को अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है. इस अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन से मेले के दौरान खाद्य सामग्री की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सकेगी.
बता दें अभी कुछ दिनों पहले ही हरिद्वार कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई. साथ ही लोगो का भी अनावरण किया. इसी दिन हरिद्वार कुंभ मेले के थीम सॉन्ग का भी लोकार्पण किया गया. हरिद्वार कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट से देश विदेश के श्रद्धालुओं को फायदा मिलेगा. वे इसके जरिये हरिद्वार कुंभ के बारे में विस्तार से जानकारी ले सकेंगे.
