सीएम ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में धनराशि ट्रांसफर की
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत माह अक्टूबर 2026 की पेंशन धनराशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में ₹148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 की धनराशि हस्तांतरित की. मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है. वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है. सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर प्राप्त हो.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. डीबीटी व्यवस्था से लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है. योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब की संभावना कम हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा तथा दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है. पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता कर रही हैं. उन्होंने कहा सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करना भी है.
