अल्मोड़ा: मृतकों को चार लाख व घायलों को इलाज के लिए एक-एक लाख
देहरादून, न्यूज़ आई : कमानी पट्टा टूटने से जीएमओयू की ओवरलोड बस सल्ट तहसील स्थित कूपी के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर खाई में जा गिरी। बस में 60 यात्री सवार थे, जिसमें से 36 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना में 24 यात्री गंभीर रूप घायल हो गए। घायलों का नैनीताल जिले के उपजिला अस्पताल, रामनगर, तीन गंभीर को हेलीकाप्टर से एम्स ऋषिकेश व एक का एसटीएच हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। अधिकतर यात्री दीपावली की छुट्टी में घर आये थे और वह अपने कार्य क्षेत्र को लौट रहे थे। सुबह करीब आठ बजे अल्मोड़ा-रामनगर स्टेट हाईवे पर ज्यूखड़ाचौड़ा बैंड के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी ओवरलोड थी। गाड़ी में कुछ जोर से आवाज आई। शायद कमानी पट्टा टूट गया हो। जिसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। घटना के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, डीएम आलोक पांडे, एसएसपी देवेंद्र पींचा मौके पर पहुँचे। सल्ट में सोमवार को हुए सड़क हादसे में बस में 60 से अधिक लोग सवार थे। जिसमें दुर्घटना में मरने वालों में 10 महिलाएं और 26 पुरुष शामिल हैं। मरने वालों पांच साल के मासूम समेत 76 साल के बुजुर्ग शामिल हैं। वहीं मरने वालों में धूमाकोट क्षेत्र के सबसे अधिक लोग हैं। वहीं मरने वालों में 18 से कम उम्र के छह युवा शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्रवाई करते हुए पौड़ी और अल्मोड़ा के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित कर दिया है। सीएम ने मृतकों को चार लाख व घायलों को इलाज के लिए एक-एक लाख देने की घोषणा की है। घटना की जांच के लिए कुमाऊं कमिश्नर, परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया है। मृतकों में 27 पुरुष व 9 महिलाएं हैं।
