दिव्यांशु जटराना हत्याकांड: CM से मिली किसानों की 13 सदस्यीय कमेटी, आंदोलन समाप्त
राजधानी देहरादून में मुजफ्फरनगर के रहने वाले छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के विरोध में आज किसानों ने प्रदर्शन किया. किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ. किसानों ने मामले में मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग की, जिसके बाद 13 सदस्यीय कमेटी को सीएम धामी ने मुलाकात का वक्त दिया. इसके बाद हुई बातचीत में दिव्यांशु हत्याकांड को लेकर विस्तार से बात हुई. सीएम धामी से मुलाकात के बाद देहरादून में किसानों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है. अब मामले में न्याय मिलने तक 13 समिति कमेटी सक्रिय रहेगी.
इससे पहले शुक्रवार सुबह से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में किसान देहरादून ISBT के पास स्थित आशारोड़ी चौकी पर जुटने शुरू हो गए. सभी किसान दिव्यांशु जटराना को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं. किसानों की बढ़ती संख्या और आक्रोश को देखते हुए देहरादून पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और किसान नेताओं के बीच कई दौर की वार्ता हुई. पहले SP सिटी स्तर पर बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बनने पर देहरादून के SSP प्रमेंद्र डोभाल खुद धरना स्थल पर पहुंचे और किसान नेता राकेश टिकैत सहित अन्य नेताओं से बातचीत की. लंबी बातचीत के बाद एक सहमति बनी, जिसके तहत किसानों की 13 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है. यह कमेटी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगी. प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जैसे ही मुख्यमंत्री से मिलने का समय तय होगा, कमेटी को जानकारी दे दी जाएगी. इसके बाद धरना स्थल पर केवल कमेटी के सदस्य ही रुकेंगे, जबकि बाकी किसान वापस लौट जाएंगे.
