Breaking News
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विशेष प्रसन्नता है कि प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले अनेक युवा रिवर्स पलायन कर अपने गांव और प्रदेश लौटे हैं
  • नेचर गाइड केवल पर्यटकों के मार्गदर्शक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के जंगलों और वन्यजीवों के प्रहरी हैंः मुख्यमंत्री
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विज्ञान एवं नवाचार नीति पर विशेषज्ञों के साथ किया सार्थक संवाद
  • मुख्यमंत्री धामी ने किया देहरादून साइंस सिटी निर्माण कार्यों का निरीक्षण
  • 01 हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला

सीएम धामी ने ट्रैक्टर पर बैठकर और राफ्ट से किया आपदा प्रभावित जलमग्न क्षेत्रों का निरीक्षण

देहरादून, न्यूज़ आई: तहसील क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रैक्टर और मोटर बोट में बैठकर आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल और आबादी क्षेत्र में हुए जलभराव का जायजा लिया। उन्होंने गंगदासपुर गांव में ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की।

मुख्यमंत्री, पूर्व विधायक संजय गुप्ता के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर जलभराव वाले इलाके से होते हुए गंगदासपुर गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकांश ग्रामीणों ने खेतों में जलभराव होने से फसल को होने वाले नुकसान की आशंका जताते हुए मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने आपदा में फसलों को हुई क्षति और भू कटाव का आकलन कराकर मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने जलभराव से प्रभावित इलाकों में जलनिकासी के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी मुख्यमंत्री ने दी।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का परीक्षण किए जाने के भी निर्देश दिए। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को पुनर्वास और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने कहा कि इस समय पूरा प्रदेश आपदा से जूझ रहा है। सरकार का पूरा फोकस आपदा प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने और आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर है।