Breaking News
  • सीएम धामी ने किया शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण, काम जल्द पूरा करने के निर्देश
  • सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 का समापन समारोह: गढ़वाल विवि पहुंचे सीएम धामी, जवानों और छात्रों ने किया स्वागत
  • यात्रा मार्ग पर बड़े स्तर पर सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था
  • पूरे प्रदेश में लागू होगी “मनी बैक” प्लास्टिक योजना
  • सीएम धामी के सख्त निर्देश—कूड़ा फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

40 सेकेंड के सायरन से सतर्कता की गूंज, CM धामी ने किया 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का लोकार्पण

देहरादून, न्यूज़ आई : शहर में स्थापित किए गए 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया। इस दौरान 40 सेकेंड तक सायरन से शहर के अलग-अलग हिस्सों में सतर्कता की गूंज सुनाई देने का दावा भी किया गया। शनिवार को थाना डालनवाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पहल राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उत्तराखंड एक आपदा संभावित राज्य है जहां समय रहते सतर्कता और सूचना प्रसारण अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दृष्टि से ये अत्याधुनिक सायरन प्रणाली उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और तकनीक के माध्यम से पुलिस व आपदा प्रबंधन विभाग को सशक्त बनाया जा रहा है।

सीएम ने कहा, एक पहाड़ी राज्य होने के कारण उत्तराखंड में आपदाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं हमारे राज्य को समय-समय पर चुनौती देती रहती हैं। इस वर्ष भी हमें कई आपदाओं का सामना करना पड़ा। कहा, आठ किलोमीटर और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदाओं के समय हमें सतर्क करेंगे बल्कि नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी होंगे। यह लॉन्ग रेंज सायरन केवल किसी संभावित आपदा की चेतावनी देने तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि आम जनमानस को जागरूक करने व समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी सहायक होंगे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और आम जनता को इसके बारे में जागरूक किया जाए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इसकी अधिकतम उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी को सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिकों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन और उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों व कार्मिकों ने सीएम आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक सौंपे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, जिलाधिकारी सविन बंसल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।