मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ धाम में बन रहे हाईटेक अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य पूरा
देहरादून, न्यूज़ आई : मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ धाम में बन रहे हाईटेक अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बुधवार से अस्पताल में ओपीडी शुरू की गई। इस भवन के बनने से बदरीनाथ में ही मरीजों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सकेंगी। बदरीनाथ धाम में अब गंभीर मरीजों को भी वहीं पर बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सकेंगी। धाम में मास्टर प्लान के तहत नया अस्पताल भवन बनकर पूरी तरह से तैयार हो गया है। आधुनिक मशीनों और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस अस्पताल के संचालन से मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। खासकर हृदय संबंधी मरीजों को धाम में काफी दिक्कत होती है। कई बार मरीज को रेफर करना पड़ता है। इस नए अस्पताल का संचालन शुरू होने के बाद अधिकांश समस्याएं बदरीनाथ में ही दूर हो जाएंगी। अस्पताल के प्रभारी डॉ. सचिन राणा ने बताया कि बदरीनाथ में अस्पताल भवन बनकर तैयार हो चुका है। बुधवार से ओपीडी शुरू की जाएगी। अस्पताल में मरीजों को सभी सुविधाएं मिलेंगी।
