Breaking News
  • मुख्यमंत्री ने 10,709 निर्माण श्रमिक लाभार्थियों के खातों में 18.49 करोड़ रूपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से की हस्तांतरित
  • स्वास्थ्य जांच में बीमारी सामने आने वाले श्रमिकों के उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए – मुख्यमंत्री
  • त्योहारी सीजन में विभागीय योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक जनसुविधा और जनसेवा के कार्य किए जाएं- मुख्यमंत्री
  • युवाओं और महिलाओं ने अपनाया होम स्टे व्यवसाय
  • दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे विकास योजना के तहत 537 लाभार्थियों को 79.28 करोड़ की सब्सिडी

रेल मंत्री से मिले सीएम, देहरादून से सहारनपुर को रेलवे से जोड़ने का किया अनुरोध

देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि परियोजना का सारा खर्च केंद्र सरकार वहन करे। उन्होंने रेल परियोजनाओं, नई ट्रेन शुरू करने का मुद्दा भी उठाया। रेल मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में अपनाई जा रही टनल प्रणाली के समान ही देहरादून से सहारनपुर को मोहंड होते हुए रेलवे से जोड़ने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मोहंड में टनल आधारित रेल लाइन परियोजना की संभाव्यता का परीक्षण कराकर परियोजना की स्वीकृति दी जाए। मुख्यमंत्री ने टनकपुर से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि देहरादून-टनकपुर के बीच ट्रेन के फेरे भी बढ़ाए जाएं। उन्होंने ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन का भी अनुरोध किया।

सीएम ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि मांगी
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि के सभी अधिकार राज्य सरकार को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए। इस भूमि का प्रयोग ऋषिकेश-गंगा कॉरिडोर में हो रहे सड़क चौड़़ीकरण, यातायात सुदृढ़ीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा। साथ ही पुराने रेलवे स्टेशन के रेलवे ट्रैक को सड़क में बदलकर यातायात को और सुविधाजनक बनाया जाएगा।

सबसे लंबी रेल टनल की दी बधाई
सीएम ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत देश की सबसे लंबी रेल टनल (देवप्रयाग-जनासू) के सफल ब्रैक थ्रू के लिए रेल मंत्री को बधाई दी। कहा कि इससे भारत के प्रौद्योगिकी विकास को नई पहचान मिली है। रुड़की-देवबंद रेलवे लाइन के सीआरएस जारी करने पर भी उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।