Breaking News
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा कि प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का किया जाएगा गठन
  • सालों बाद अपने शिक्षकों को मंच पर देख भावुक हुए सीएम धामी, पैर छूकर लिया आशीर्वाद
  • राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में रन फॉर यूनिटी का किया गया आयोजन
  • PRD जवानों के लिए खुशखबरी, सीएम धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर मानदेय वृद्धि का किया एलान
  • राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से आज लोक भवन में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शिष्टाचार भेंट की

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन पहुंचे केदारनाथ धाम, यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देहरादून, न्यूज़ आई: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। शनिवार को केदारनाथ धाम निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने बेली ब्रिज का अवलोकन किया। पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी। साथ ही आस्था पथ पर बनाए गए रेन शेल्टरों का निरीक्षण कर वहां एलईडी साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी मिल सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि कतार में खड़े यात्रियों को ठंड से राहत देने के लिए गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मंदिर परिसर से लेकर आस्था पथ तक स्वच्छता की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम को निर्देश दिए कि सभी कॉटेजों की मरम्मत और सफाई कार्य समय से पूर्ण किया जाए।

पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित
इसके अतिरिक्त, सीएस ने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव जैसे प्रमुख स्थलों का भी निरीक्षण किया और वहां भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा व विश्राम सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। जिलाधिकारी  सौरभ गहरवार ने जानकारी दी कि यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। पैदल मार्ग, ठहराव, स्वास्थ्य सेवाएं, संचार और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष कार्य भी यात्रा प्रारंभ होने से पहले पूर्ण कर लिए जाएंगे।