अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी
देहरादून, न्यूज़ आई : कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक हरिद्वार पहुंची. हरिद्वार में रागिनी नायक ने प्रेस वार्ता कर उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी. रागिनी नायक ने साफ किया है कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक विरोध जारी रहेगा. बुधवार को हरिद्वार के देवपुरा स्थित प्रेस क्लब में रागिनी नायक ने प्रेस वार्ता की और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. अंकिता भंडारी के लिए सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस: उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के बजाय मामले से जुड़े लोगों को बचाने का काम कर रही है. सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी मामले से जुड़े कथित वीआईपी को संवैधानिक पद पर बैठाया गया, ताकि वह जांच के दायरे से बाहर हो सके.
सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाए: रागिनी नायक ने अंकिता भंडारी मामले में चल रही सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की संस्तुति की और सही नाम की जगह अज्ञात वीआईपी के खिलाफ जांच चल रही है. ताकि वो सीबीआई जांच के दायरे में न आए.
राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को भी लिखी चिट्ठी: रागिनी नायक ने बताया कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को इस संबंध में चिट्ठी भी लिखी है. चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय दिलाना जरूरी है.
