मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया सचिवालय घेराव
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड कांग्रेस ने चुनाव संबंधी अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े कथित मामलों के साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सचिवालय घेराव किया. पार्टी प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी में और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत विधायकों ने प्रदर्शन में भाग लिया. कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुई उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने सरकार पर वोट चोरी के साथ-साथ इलेक्शन चोरी किए जाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा तत्काल प्रभाव से चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर देना चाहिए. उन्होंने कहा सरकार विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करते रहेगी. कुमारी शैलजा ने कहा सरकार कभी परिसीमन के नाम पर तो कभी सीटें बढ़ाने के नाम पर लोगों की आंखों में धूल झोंकती आई है। उन्होंने इसे मात्र दिखावा बताया और आरोप लगया कि यह दरअसल वोट चोरी यहां तक की इलेक्शन चोरी करते आए हैं. इसके दोषी मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, इसलिए उनको जेल होनी चाहिए. बता दें इससे पहले सभी कांग्रेसी राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में एकत्रित हुए. उसके बाद भारी संख्या में जुलूस निकालते हुए सचिवालय कूच करने निकले. पुलिस ने कांग्रेस जनों को सचिवालय से पहले बेरिकेडिंग की दो लेयर लगाकर रोक दिया. इससे आक्रोशित कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता बेरिकेडिंग पर चढ़ गए. सरकार के खिलाफ वोट चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप सुभाष रोड पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया. फिलहाल सभी कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता सुभाष रोड में धरने पर बैठे हुए हैं.
