सीएम धामी ने जिला अस्पताल में ब्लड कम्पोनेंट यूनिट का वर्चुअल किया शुभारंभ
देहरादून, न्यूज़ आई : चंपावत जिला अस्पताल में ब्लड कम्पोनेंट यूनिट का संचालन शुभारंभ हो गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल रूप से देहरादून से कम्पोनेंट यूनिट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह यूनिट लोगों के लिए जीवन उपयोगी साबित होगी। इसके संचालन के बाद रक्त की भी बचत होगी। उन्होने कहा कि चंपावत की स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर किया जाएगा। रिक्त पदों को भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। इस सुविधा के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत जिले में पहली बार यह सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं स्थापित की जा चुकी हैं। जिला चिकित्सालय में लगभग 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम एवं द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जा रहा है।
