Breaking News
  • नगर पंचायत केदारनाथ ने धाम को प्लास्टिक वेस्ट से मुक्त रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की
  • स्वच्छता ही सेवा- केदारनाथ में एक सप्ताह में जमा किया एक हजार किलो प्लास्टिक वेस्ट
  • विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने सत्र को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन की शुरुआत उत्तराखंड आंदोलन में महिलाओं की भूमिका को याद किया
  • उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर तीखी बहस, सत्ता पक्ष ने बताया ऐतिहासिक कदम

सरकार जल्दी ही नई स्वास्थ्य नीति लेकर आएगी: प्रधानमंत्री मोदी

दिल्ली। गरीबों, महिलाओं और मध्यम वर्ग को सस्ता और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि देश में एक समावेशी और समग्र स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है।
मोदी ने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तीसरी वर्षगांठ पर ऑनलाइन आयोजित एक कार्यक्रम में ‘आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे देश भर की स्वास्थ्य सुविधाएं, अस्पताल, चिकित्सक, फार्मेसी, दवा की दुकान और मरीज एक प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगे। प्लेटफार्म से देश के दूरदराज के हिस्सों में भी नागरिकों को वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों से परामर्श मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि पिछले सात साल से चल रही स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का अभियान आज नए चरण में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा, आज हम एक मिशन शुरू कर रहे हैं जिसमें भारत की स्वास्थ्य सुविधाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता है।
प्रधानमंत्री ने जन औषधि, आयुष्मान भारत, डिजिटल लेन-देन, ई-संजीवनी, टेलीमेडिसिन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में पिछले छह सात साल के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का काम चल रहा है। सरकार जल्दी ही नई स्वास्थ्य नीति लेकर आएगी। यह नीति पूरी तरह से समावेशी और समग्र होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री ने आरोग्य और काेविन ऐप का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में स्वास्थ्य सुविधाओं का इतना मजबूत और व्यापक बुनियादी ढांचा कहीं मौजूद नहीं है। इन दोनों ऐप की बदौलत लोगों को कोरोना महामारी के बारे में जागरुक करने और महामारी को नियंत्रित करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि कोरोना टीकाकरण में कोविन ऐप का महत्वपूर्ण योगदान है जिसे पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है।