सीएम धामी ने नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दस अगस्त सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से वापस लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने कार्यस्थल पर पहुंचकर पुनर्निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं व यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
दरअसल, नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे. मुख्यमंत्री के निर्देशन में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण मात्र 12 घंटे के भीतर पूर्ण कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था शीघ्र सामान्य हो सकी और आमजन को होने वाली असुविधा से राहत मिली. मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्माण कार्य में सलंग्न अधिकारियों, अभियंताओं एवं कार्मिकों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना भी की.
बता दें कि बीती 28 जुलाई को भारी बारिश के बाद नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई. ये मामला काफी सुर्खियों में रहा था. इसी बड़ी वजह ये भी थी कि इस पुल का उद्घाटन 16 दिन पहले ही हुआ था. कांग्रेस ने भी इस मुद्दों को जोरशोर से उठाया था कि कैसे 16 करोड़ रुपए का लागत से बने पुल की एप्रोच रोड 16 दिन भी नहीं ठीक पाई है. इस मामले में सरकार की तरफ से जांच के बाद एक्शन भी लिया गया है. इस मामले में जहां सरकार ने निर्माणदायी संस्था यानी कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड किया तो वहीं कई अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई थी. इस मामले पर जमकर राजनीति भी हुई थी, क्योंकि नंदा की चौकी पुल को बनाने वाली कंपनी का बीजेपी कनेक्शन भी सामने आया था. वहीं आज सहसपुर से लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुल का निरीक्षण किया.
