नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश
देहरादून, न्यूज़ आई: जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और अनधिकृत डंपिंग पर रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसके उत्पादन,भंडारण, सप्लाई और इस्तेमाल की पूरी श्रृंखला पर कार्रवाई की जाए.
प्लास्टिक सप्लाई नेटवर्क पर होगी कार्रवाई: डीएम ने राज्य कर विभाग के अधिकारियों को संबंधित औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए. उन्होंने प्लास्टिक निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की आपूर्ति, उपलब्ध स्टॉक, उत्पादन क्षमता और वितरण की रिपोर्ट मांगी. साथ ही बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की सप्लाई करने वाले नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए.
अनधिकृत डंपिंग साइट होंगी चिन्हित: जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को जिले में बल्क वेस्ट जनरेटर और कूड़े की अनधिकृत डंपिंग साइटों को तत्काल चिन्हित करने को कहा है. इन साइट्स से प्लास्टिक कचरा उठाकर नियमानुसार निस्तारित कराने के निर्देश दिए गए हैं. डीएम ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत डंपिंग साइट पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ चालान के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
100 वार्डों में चलेगा चेकिंग अभियान: नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के साथ जन जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों को अपने-अपने वार्डों में अनधिकृत डंपिंग साइट चिन्हित कर सूचना देने और विशेष सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरे का निस्तारण कराने को कहा गया है.
कॉम्पेक्टर मशीनों की भी मांगी रिपोर्ट: डीएम ने ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई गई कॉम्पेक्टर मशीनों की स्थिति की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि कितनी मशीनें संचालित हैं? अब तक कितनी मात्रा में प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया गया है? कालसी क्षेत्र में कॉम्पेक्टर तक कूड़ा पहुंचाने में अधिक लागत आने की शिकायत पर साइट चयन में लापरवाही बरतने वाली टीम के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
