मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में व्यापारियों के हितों से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन के जरिए व्यापारी वर्ग को साधने की कोशिश की है. प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारियों के बीच मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, सम्मान और कारोबार को आसान बनाने का भरोसा दिया. साथ ही व्यापारियों के हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं हैं. हल्द्वानी में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके हितों की रक्षा का भरोसा दिया. दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा व्यापारी केवल कारोबार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और प्रदेश की आर्थिक मजबूती में भी उनकी अहम भूमिका है.
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के लिए भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने को सरकार की प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा व्यापारियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं और सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. इसके लिए व्यापारिक व्यवस्थाओं को सरल बनाया जा रहा है. सरकार के मुताबिक, सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं. सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. इनमें प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत देने, राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें कराने तथा जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की जानकारी का प्रचार-प्रसार करने की बात शामिल है. इसके अलावा पर्यटन व्यवसाय की पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाने, पर्यटन क्षेत्रों में होम स्टे सुविधाओं का विस्तार करने, चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित करने और प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों व नालियों की मरम्मत को प्राथमिकता देने का ऐलान किया गया.
