कैबिनेट फैसला, उत्तराखंड में पीजी डॉक्टरों के लिए 2 साल का सेवा बॉन्ड अनिवार्य
देहरादून, न्यूज़ आई: उत्तराखंड सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा बॉन्ड को मंजूरी दे दी है. शुक्रवार 27 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई है. इस फैसले के बाद राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों से एमडी, एमएस या अन्य पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने वाले चिकित्सकों को एक साल मेडिकल कॉलेजों और एक साल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्रों के अस्पतालों में अपनी सेवाएं देनी होंगी, लेकिन खास बात ये है कि अगर कोई छात्र बॉन्ड तोड़ता है तो उसे 60 से 75 लाख रुपए की पैनल्टी भरनी होगी.
डॉक्टर की कमी को दूर करने का प्रयास: सरकार का मानना है कि इस पहल से पहाड़ी जिलों, दुर्गम गांवों और दूरदराज के स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी. क्योंकि उत्तराखंड में डॉक्टर की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है. हालांकि, राज्य सरकार की ओर से डॉक्टर की कमी को दूर करने के लिए तमाम योजनाएं शुरू की गई, जिसको कोई खास असर धरातल पर नहीं दिखाई दिया. यहीं कारण है कि सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की कमी लगातार बनी हुई है. ऐसे में अब पीजी कोर्स में प्रवेश लेने वाले छात्रों के साथ सेवा अनुबंध किया जाएगा, जिसके तहत पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें राज्य सरकार की नियुक्ति में अनिवार्य रूप से सेवा देनी होगी.
पीजी पाठ्यक्रम में भी राजकीय सेवा संबंधी बॉन्ड अनिवार्य किया गया: उत्तराखंड में एमबीबीएस करने वाले छात्रों के लिए दो व्यवस्थाएं चल रही हैं, जिसके तहत अगर कोई छात्र राजकीय मेडिकल कॉलेज से बॉन्ड के तहत एमबीबीएस करता है तो उसे 3 साल तक राजकीय सेवाएं देनी होगी, लेकिन उसका सालाना ट्यूशन फीस करीब 40 हज़ार होगा. इसके अलावा अगर कोई छात्र बॉन्ड नहीं भरना चाहता है तो उसका सालाना ट्यूशन फीस करीब चार लाख रुपए होगा. इसी तरह अब उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉन्ड मंजूर किया गया है.
