Breaking News
  • राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में विवाहित महिलाओं पर परिवार की बर्बरता पर महिला आयोग अध्यक्ष सख्त, एसएसपी को दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
  • प्रदेश में पोलिंग पार्टियों के लौटने के बाद जारी हुआ नया मतदान प्रतिशत
  • वनाग्नि की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को तत्काल समुचित कदम उठाने के दिये निर्देश
  • केदारनाथ धाम में घोड़े-खच्चरों के रात्रि विश्राम पर लगाया प्रतिबंध, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
  • एम्स के दीक्षांत समारोह में पहुंचीं राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मू, टॉपर छात्र-छात्रों को देंगी मेडल

Chandrayaan 3 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद दुनिया के हर कोने से इसरो और भारत को मिल रही बधाई

देहरादून, न्यूज़ आई : आखिरकार अंतरिक्ष क्षेत्र में दुनिया में भारत ने अपना लोहा मनवा लिया। बुधवार (24 अगस्त) को इसरो ने इतिहास रचते हुए एक ऐसा कारनामा किया है, जिसे दुनिया देखकर आश्चर्यचकित रह चुकी है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद दुनिया के हर कोने से इसरो और भारत को बधाई मिल रही है। नासा से लेकर स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क तक ने इसरो और भारत को बधाई देने में देरी नहीं की। लैंडर (विक्रम) के सफलतापूर्वक चांद पर उतरने के साथ हम विश्व में ऐसा करने वाले मात्र चौथे देश बन गए हैं, लेकिन इससे भी अधिक गौरवान्वित करने वाला तथ्य यह है कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाले हम विश्व के पहले देश हैं। चंद्रयान-3  की सफलता पर इसरो प्रमुख डॉ. एस सोमनाथ ने कहा,” चंद्रयान-3 की सफलता ने मंगल पर जाने, वहां उतरने और भविष्य में शुक्र व अन्य ग्रहों पर जाने के लिए मिशन तैयार करने का आत्मविश्वास दिया है। चंद्रयान-3 मिशन को पूरा करना कठिन था। हम बहुत दर्द और पीड़ा से गुजरे हैं।”

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में शासन के उच्चाधिकारियों, विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों व स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ऐतिहासिक सफल लैंडिंग का सजीव प्रसारण को देखा। सभी ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी का सम्बोधन सुना व देखा। मुख्यमंत्री ने भारत की इस ऐतिहासिक सफलता के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, इसरो की टीम, वैज्ञानिकों व देश-प्रदेश की जनता को बधाई व शुभकामनाएं भी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित राजीव गांधी आवासीय नवोदय विद्यालय, ननूरखेड़ा, रायपुर तथा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय, बनियावाला के छात्रों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंद्रयान-3 की चन्द्रमा पर सफल लैंडिंग के साथ आज भारत विश्व का पहला देश बन गया है जिसके हम सभी साथी बने है। आज भारत दुनिया के हर क्षेत्र में नंबर एक बनने की दिशा में अग्रसर है। एक समय हमारे देश को सपेरो का देश कहा जाता था आज विज्ञान के क्षेत्र में देश नंबर 01 बना है। देश आज 11वीं से 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। 2027-28 तक देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में तीसरी अर्थव्यवस्था बनने के साथ 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुनिया का नेतृत्व करने वाला शक्तिशाली व समर्थ देश बनेगा। इसकी जिम्मेदारी हमारे युवा छात्रों की है। हमारे आज के युवा छात्र देश का भविष्य है। हमारे युवा छात्र भविष्य में जिस क्षेत्र में जाए उसका नेतृत्व करे तथा देश के सपने एवं अपेक्षाओं को पूरा करने में अपना योगदान देने का प्रयास करें।