मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में देहरादून जिले के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
देहरादून, न्यूज़ आई : प्रदेश में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में देहरादून जिले के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा। जिला सबसे अधिक 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य पदक जीतकर सीएम चैंपियनशिप ट्राफी का विजेता बना। खेल महाकुंभ के तहत आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 23 नवंबर 2025 से 18 फरवरी 2026 तक चली। जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में ऊधमसिंह नगर 78 स्वर्ण सहित 255 पदक लेकर दूसरे स्थान पर रहा। जबकि हरिद्वार जिले को 82 स्वर्ण सहित 210 पदक मिले। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतिम दिन युवा कल्याण निदेशालय में परंपरागत खेल मलखंभ, मुर्गा झपट और पिट्टू खेला गया। जिसमें मलखंभ में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास लालढांग के छात्रों वासु, मोर सिंह, प्रिंस, मयंक, मोहित आदि ने कोच योगेश्वर सिंह के निर्देशन पर शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राॅफी में नैनीताल जिले को 44 स्वर्ण सहित 154 पदक मिले। जबकि पौड़ी गढ़वाल को 22 स्वर्ण सहित 94, पिथौरागढ़ को 19 स्वर्ण सहित 82, टिहरी गढ़वाल को 12 स्वर्ण सहित 79 पदक, चंपावत को आठ स्वर्ण सहित 49, उत्तरकाशी को पांच स्वर्ण सहित 48, बागेश्वर को आठ स्वर्ण सहित 31 पदक और चमोली को सात स्वर्ण सहित 31 पदक मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत खेल जगत में नई ऊँचाइयों को छू रहा है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेलों की संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। देश में फिटनेस एक जन आंदोलन बन चुकी है। हमारी युवा पीढ़ी खेलों के प्रति नए उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ रही है। आज भारत ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहा है। हमारे खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड संख्या में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है और कई खेलों में भारत ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों को नई प्राथमिकता मिली है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सम्मान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है। उत्तराखंड को देवभूमि के साथ खेलभूमि के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल और भव्य आयोजन इसका सशक्त प्रमाण बना है, जिसने उत्तराखंड का मान पूरे देश में बढ़ाया है। इन खेलों में हमारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 7वाँ स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। हमारे स्टेडियम, प्रशिक्षण केंद्र और सुविधाएँ अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो चुकी हैं। सरकार द्वारा राज्य में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान पर कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएँगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई खेल नीति में खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अनेक प्रावधान किए गए हैं। हल्द्वानी में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। इसमें खिलाड़ी आधुनिक कोचिंग, खेल विज्ञान और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति के साथ-साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है। सरकार खिलाड़ियों के साथ-साथ उन्हें तैयार करने वाले प्रशिक्षकों का भी पूरा ध्यान रख रही है। उनके मानदेय और प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की गई है, ताकि वे और बेहतर ढंग से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ा सकें।
