आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड में चुनावी तैयारियां तेज
देहरादून, न्यूज़ आई : प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। जल्द ही केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम यहां दौरा करेगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों संग बैठक कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत चरणबद्ध तैयारियां करने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदान केंद्र के भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल, एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने आयोग की ओर से निर्धारित तिथियों के अनुसार सभी डीईओ, आरओ एवं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
