न्यूजीलैंड को हराकर वर्ल्ड चैंपियन बना भारत, तीसरी बार जीता टी20 वर्ल्ड कप का खिताब
(स्पोर्ट्स डेस्क): आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. खास बात यह रही कि भारत ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीती और पहली बार अपने ही घर में विश्व चैंपियन बना. इस बड़ी जीत के साथ टीम इंडिया को न सिर्फ ट्रॉफी मिली, बल्कि मोटी प्राइज मनी भी हासिल हुई. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस टूर्नामेंट के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 120 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड प्राइज पूल तय किया था, जो पिछले संस्करण से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है. पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उन्होंने फाइनल में 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई.
भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करने आई थी. संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक लगाया. सैमसन ने 89 रन बनाए, जो इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी रही. वहीं अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, इस दौरान उन्होंने 18 गेंद में पचासा जड़ा. ईशान किशन ने भी 25 गेंद में 54 रनों का योगदान दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे. यह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा. इससे पिछला रिकॉर्ड भी भारत के ही नाम था, जिसने 2024 वर्ल्ड कप के फाइनल में 176 रन बनाए थे. अब टीम इंडिया ने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए 255 रन बनाए. 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई न्यूजीलैंड की टीम कभी जीत की रेस में थी ही नहीं. टिम साइफर्ट के 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर की 43 रनों की पारी के अलावा कोई भी कीवी बल्लेबाज प्रभावशाली पारी नहीं खेल पाया.
