आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता
(स्पोर्ट्स डेस्क): आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को छह रन से हरा दिया। मैच खत्म होते ही विराट कोहली मैदान पर ही रोने लगे। 18 सत्र का ट्रॉफी का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। आरसीबी का यह चौथा फाइनल रहा और चौथे फाइनल में आरसीबी ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही। भावुक कोहली जीत के बाद जश्न मनाने की जगह मैदान पर रोने लगे। उन्हें रोता देख पत्नी अनुष्का भाग कर मैदान पर आईं और कोहली को गले लगा लिया।आईपीएल खिताब जीतने के लिए 18 सत्र का इंतजार खत्म होने पर विराट कोहली अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सके, लेकिन टेस्ट क्रिकेट के प्रति अपना प्यार एक बार फिर जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि पारंपरिक क्रिकेट को अभी भी वह टी20 से पांच पायदान ऊपर रखते हैं। उन्होंने कहा कि वह जब तक आईपीएल खेलेंगे, आरसीबी के लिए ही खेलेंगे। कोहली ने फाइनल में 35 गेंद पर तीन चौके की मदद से 43 रन की पारी खेली। वह आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। इसकी बदौलत बेंगलुरु ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। शशांक सिंह 30 गेंद में 61 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, जोश इंग्लिस ने 23 गेंद में 39 रन की पारी खेली। क्रुणाल पांड्या प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट झटके।
आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। 18 सत्र का इंतजार खत्म हो चुका है। आखिरकार विराट कोहली भी चैंपियन बन गए हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं।
