तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद
देहरादून, न्यूज़ आई:पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने से पहले मंदिर को आठ कुंतल फूलों से सजाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा तुंगनाथ के दर्शन किए। समुद्रतल से करीब 3680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित तुंगनाथ मंदिर में सुबह से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। मंदिर के पुजारी वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने पूजा-अर्चना और परंपरागत अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ के लिए रवाना हुई।
