उत्तराखंड में विधानसभा सत्र के दौरान अनुपूरक बजट और विनियोग विधेयक समेत सभी 10 विधेयक पारित
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड में विधानसभा सत्र के दौरान अनुपूरक बजट और विनियोग विधेयक समेत सभी 10 विधेयक पारित किए गए। उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुधवार को विपक्ष के हंगामे के बीच संपन्न हो गया। सदन में 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट और विनियोग विधेयक समेत सभी 10 विधेयक पारित किए गए। विरोध के दौरान विपक्षी विधायक सदन के वेल में पहुंचे और काले झंडे दिखाने के साथ कागज भी फेंके। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गैरसैंण में आयोजित विधानसभा का यह सत्र मौजूदा सरकार के कार्यकाल का अंतिम सत्र था। इस साल यहां विधानसभा के दो सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में गैरसैंण में सबसे अधिक समय तक विधानसभा सत्र चला है।
