Breaking News
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘विकास भी और विरासत भी’ के मूलमंत्र के साथ कार्य किया जा रहा
  • मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 23 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

प्रशासन और निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक माहौल में वार्ता

देहरादून, न्यूज़ आई : पंजाब से हिमाचल के रास्ते उत्तराखंड आने की कोशिश कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को हालात सामान्य रहे। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और पूरे इलाके में नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। सीमा पर पुलिस और सुरक्षा बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच शांतिपूर्ण माहौल में बातचीत जारी है। वहीं, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर निहंग सिखों से वार्ता के लिए हिमाचल प्रदेश सिरमौर के पांवटा साहिब गुरुद्वारा पहुंचे थे।

उधर, निहंग जत्थेदार अकाली जसदीप सिंह कहते हैं, “हमने किसी खास समय-सीमा की मांग नहीं की थी। हमने बस अपनी कुछ मांगें रखी थीं। उन्होंने हमारी मांगें मान ली हैं और कहा है कि वे उनसे सहमत हैं। उन्होंने हमें दो दिन का समय दिया है और कहा है कि वे हमें उन निहंग सिखों से मिलवाएंगे जो नज़रबंद हैं। उनसे और उनके परिवार से मिलने के बाद, हम आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। हम अभी वापस नहीं जाएंगे, जैसे ही निहंग सिखों को रिहा करके हमारे पास लाया जाएगा, हम उनके साथ उत्तराखंड जाएंगे और फिर सीधे पंजाब लौटेंगे।