सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की स्थिति को लेकर जताई चिंता
देहरादून, न्यूज़ आई : सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की स्थिति को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि, सरकारी स्कूलों पर विशेष ध्यान दिया जाए और वहां पढ़ने वाले बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए. अधिकारी स्वयं स्कूलों का संज्ञान लेकर बच्चों की आवाज बनें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके.
गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक में सांसद ने केंद्र सरकार की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की. बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत, विधायक वीरेंद्र जाति, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान सांसद ने विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए.
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता है, उनकी आवाज कोई नहीं उठाता है. ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे स्कूलों की स्थिति का स्वयं संज्ञान लें और बच्चों की समस्याओं को दूर कराने के लिए प्रभावी कदम उठाएं. अधिकारी सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए उनकी आवाज बनें. स्कूलों में शिक्षा, सुविधाओं और बच्चों से जुड़ी जरूरतों पर रूप से ध्यान दिया जाए. सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा.
-त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद, हरिद्वार लोकसभा-
बैठक के अंत में सांसद ने नवजात बच्चियों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जन्म लेने वाली बच्चियों को सुकन्या समृद्धि योजना से अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि, ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार आर्थिक कारणों से बच्चियों के भविष्य के लिए पर्याप्त बचत नहीं कर पाते हैं. ऐसे परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए संबंधित विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं.
