मुख्यमंत्री धामी ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
देहरादून, न्यूज़ आई: मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति का जायजा लिया और बचाव दलों से जानकारी ली। विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआर टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। करीब 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शेष तीन लोगों की तलाश जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में चल रहा है।
