मुख्यमंत्री ने कैंट विधानसभा क्षेत्र को दी 48.44 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की कैंट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकास सरकार की प्राथमिकता है और प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, पेयजल, आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल और विकास को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट है और योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि देहरादून प्रदेश की राजधानी होने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र है। राज्य सरकार देहरादून को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र से उनका विशेष जुड़ाव है, क्योंकि मुख्यमंत्री आवास भी इसी विधानसभा क्षेत्र में स्थित है।
