हरिद्वार में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए सीएम धामी
देहरादून, न्यूज़ आई : विधानसभा चुनाव 2027 में तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी तेज कर दी है. इसे लेकर हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में दो दिवसीय प्रदेश विस्तारित कार्य समिति आयोजित की जा रही है. जिसमें पहले दिन भाजपा के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में चुनाव की तैयारी के लिए ऊर्जा भरी गई. प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, की मौजूदगी में पार्टी संगठन के अन्य दिग्गज नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर लक्ष्य दिए.
शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्य समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे. शाम को प्रदेश के पदाधिकारी की बैठक हई. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा विधानसभा चुनाव के मद्दे नजर पार्टी के सभी 7 मोर्चों को एक एक लाख लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है. इसके साथ ही दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चा और ब्लॉक स्तर तक की कार्य समितियां आयोजित की जाएगी. बीजेपी कार्य समिति के दूसरे दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे.
महेंद्र भट्ट ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के सातों मोर्चों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं कि समाज के सभी वर्गों को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ना है. खासतौर पर बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाए जाएंगे. अन्य राजनीतिक दलों के लोग भाजपा के संपर्क में हैं, लेकिन पार्टी चाहती है कि युवा, महिला, ओबीसी और अनुसूचित जितने में मोर्चे हैं, उनके द्वारा ही सदस्यता दी जाए. दिसंबर के अंत तक मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकों की तिथियां भी घोषित हो जाएंगी.
