मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया शुभारंभ
देहरादून, न्यूज़ आई: भारत-नेपाल सीमा पर ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेला शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने मेले से जुड़ी बचपन की यादें साझा कीं. उन्होंने झनकईया गंगा स्नान मेले को भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया.मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत मेला घाट और काला पुल घाट के निर्माण सहित आसपास के मंदिरों के सौंदर्यीकरण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. वहीं अपने संबोधन में उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का मां शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना कर विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान सीएम धामी ने मेले से जुड़ी बचपन की यादें साझा करते हुए यहां मिलने वाली पकौड़ी, जलेबी और सिंघाड़े का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह मेला भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसमें थारू जनजाति सहित विभिन्न समाजों की विशेष सहभागिता रहती है.
