योगी आदित्यनाथ पंचूर गांव में आयोजित विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए
देहरादून, न्यूज़ आई: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव पंचूर का दौरा शुक्रवार को कई भावुक और यादगार पलों के साथ संपन्न हो गया. दो दिवसीय प्रवास के बाद मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे बिथ्याणी हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना हो गए.
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने गांव पंचूर में आयोजित विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए. धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. योगी आदित्यनाथ के गांव पहुंचने से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर जुटे रहे. धार्मिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक आवास पहुंचे. जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया.
शाम करीब 4:45 बजे जब योगी आदित्यनाथ अपने घर से रवाना होने लगे तो माहौल भावुक हो गया. उन्होंने अपनी बुजुर्ग मां का आशीर्वाद लिया. बहनों सहित अन्य रिश्तेदारों से मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने घर के बाहर मौजूद ग्रामीणों और समर्थकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया. गांव के लोगों ने भी उन्हें आत्मीय विदाई दी. इसके बाद योगी आदित्यनाथ बिथ्याणी स्थित महाविद्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने अपने गुरु की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद महाविद्यालय परिसर में स्थापित अपने स्वर्गीय पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा का अनावरण किया और माल्यार्पण किया.
इस दौरान एक विशेष संयोग देखने को मिला. जैसे ही मुख्यमंत्री अपने पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे, उसी समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. वहां मौजूद लोगों ने इसे भावुक पल बताते हुए पितृ आशीर्वाद और कृपा से जोड़कर देखा. बारिश के बावजूद लोग कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे. योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने को लोग उत्साहित नजर आए.
योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार मुस्तैद रहीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पहुंचे. वहां से शाम 5:15 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए लखनऊ के लिए रवाना हो गए. योगी आदित्यनाथ के गांव दौरे ने एक बार फिर उनके अपने पैतृक गांव और परिवार से जुड़े गहरे भावनात्मक रिश्ते को उजागर किया है. ग्रामीणों के बीच भी उनके आगमन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. पूरे दिन पंचूर क्षेत्र धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा.
