टनकपुर दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग, श्रीमद्भागवत कथा का किया श्रवण
देहरादून, न्यूज़ आई : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को टनकपुर में नवयुवक रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन अपने आप में अत्यंत दिव्य अवसर है। जहां श्रद्धा और आस्था के साथ भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां भगवान की कृपा बनी रहती है। मां पूर्णागिरि एवं मां शारदा की पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखण्ड भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों, मंदिरों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत का संकल्प केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चम्पावत की पहचान और संभावनाओं को नई ऊंचाई देने का संकल्प है। टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईएसबीटी, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर, मां पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार तथा विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य जनपद के विकास को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम की ओर लगभग 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि मां पूर्णागिरि धाम सहित जनपद के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
