खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य आगाज
देहरादून, न्यूज़ आई : खटीमा में रविवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने उत्तराखंड आदि महोत्सव को हमारी संस्कृति और जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक पर्व बताया। सीएम ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू और जुएल ओराम से पिथौरागढ़ में आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। साथ ही खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा पर केंद्र सरकार का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने के साथ निर्माण लागत बढ़ाई गई है। ऊधमसिंह नगर में इसके तहत तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि बाजपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास बनाया जा रहा है। 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आश्रम पद्धति विद्यालय का निर्माण और बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण भी कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए जनजातीय समाज को रोजगार और प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 2020 से 2025 तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहती बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी लगातार निगरानी रखती है।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से खटीमा में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल स्थापित हुआ है। इसके विस्तार और सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करेगी। चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर हो चुका है और निर्माण दो-तीन दिन में शुरू होने की बात कही।
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में उन्होंने बताया कि विद्यालय में 240 छात्र और 240 छात्राओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों को शिक्षा मिलेगी। खटीमा के एकलव्य विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए उन्होंने बाजपुर, चकराता और कालसी के विद्यालयों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय मामलों के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया था ताकि थारू, बोक्सा और जौनसारी समेत जनजातीय समाज के लिए लक्षित योजनाएं संचालित की जा सकें। ओरम ने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत 24 हजार करोड़, धरती आबा अभियान के लिए 89 हजार करोड़ और एकलव्य विद्यालयों के लिए 25 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने जनजातीय समाज की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया।
