रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम धामी को बताया ‘धुरंधर धामी’
हल्द्वानी/देहरादून, न्यूज़ आई : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नैनीताल जनपद के दौरे पर हैं. राजनाथ सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज के कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड पहुंचे. यहां सीएम धामी ने हल्द्वानी में उनका भव्य स्वागत किया.
राजनाथ सिंह ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड की कमान संभालने के बाद ही विकास की बयार तेज हुई है। हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए उन्होंने कहा कि जबसे धामी ने प्रदेश का नेतृत्व संभाला है राज्य के बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ, पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान मिली और राज्य में स्वरोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने उत्तराखंड के विकास को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायी बताया। पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ के पानी ,पहाड़ और देश—दोनों के काम आना चाहिए’। उपलब्धियों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य ने अन्य राज्यों के सामने एक आदर्श राज्य के रूप में खुद को प्रस्तुत किया है। राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। चुनावी साल के करीब होने का मौका भी राजनाथ सिंह नहीं चूकना चाहते थे। लगे हाथ उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को कोई भी ताकत सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। इतना ही नहीं जाते-जाते विरोधी पार्टियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए। कांग्रेस की कार्यशैली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जनता को निराशा ही मिली। इसी का नतीजा रहा कि जनता ने उन्हें सत्ता से ही नकार दिया। अब जब कांग्रेस चुनाव नहीं जीत पाती है तो चुनाव आयोग और ईवीएम का बहाना लगाने लगती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि अगले विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में बीजेपी ही सरकार बनाएगी।
बता दें सीएम धामी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दोनों एक दूसरे के करीबी हैं. राजनाथ सिंह ने ही सीएम धामी को धाकड़ धामी की उपाधि दी थी. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कई बार मंचों से सीएम धामी की खुलकर तारीफ करते हैं. सीएम धामी भी राजनाथ सिंह को अभिभावक मानते हैं. ये ही कारण है कि अपनी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया. अपने संबोधन के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम धामी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा धामी धाकड़ होने के साथ ही धुरंधर धामी हैं. राजनाथ सिंह ने कहा 2022 में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हमने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था. उस समय मैंने कहा था कि हमारे ये धामी ‘धाकड़ धामी’ हैं, और अब मैं कहता हूं कि मुख्यमंत्री धाकड़ होने के साथ ही ‘धुरंधर धामी’ भी हैं.
