उत्तराखंड एसआईआर में कटे 17.05 लाख वोटर्स
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड में एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न हो गई है. एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 3 अक्टूबर 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि 6 जनवरी 2025 को जारी मतदाता सूची में 84,29,459 मतदाता थे. ऐसे में इसकी तुलना में कुल 17,05,130 मतदाताओं के नाम डिलीट किए गए हैं. 4,01,276 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं. यही वजह है की मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस लगातार इस पूरे मामले को लेकर सवाल उठाती नजर आ रही है.
एसआईआर को लेकर देशभर में मचे घमासान के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने जिन राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न हो गई है उन राज्यों में मतदाताओं के नाम को शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में उत्तराखंड में भी एसआईआर की प्रक्रिया 3 अक्टूबर को संपन्न होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 8 अक्टूबर से विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है. जिसके तहत 8 से 10 अक्टूबर के बीच सभी पोलिंग बूथ पर स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे. इस दौरान वर्तमान मतदाता सूची को प्री एसआईआर से पहले के मतदाता सूची से मिलान किया जाएगा.
