धामी मंत्रिमंडल के विस्तार से भाजपा की 2027 की रणनीति साफ!
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. बीजेपी चुनाव जीतने की हैट्रिक लगाना चाहती है. ऐसे में चुनाव से ठीक 9 महीने पहले शुक्रवार 20 मार्च को कैबिनेट का विस्तार करते हुए 5 नए विधायकों को मंत्री बना दिया है. शुक्रवार को हुए ताजा कैबिनेट विस्तार में शामिल किए गए पांच नेताओं खजान दास, भरत चौधरी, राम सिंह कैड़ा, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा का राजनीतिक सफर और जनाधार उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है. ये सभी नेता अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि से आते हैं, जो सरकार को व्यापक प्रतिनिधित्व प्रदान करते हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए इस कैबिनेट विस्तार में जिन पांच चेहरों को शामिल किया गया है, उनका राजनीतिक इतिहास लंबे संघर्ष, संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा से जुड़ा रहा है.
दूसरे नवरात्र के शुभ मुर्हुत पर पांच मंत्रियों ने शपथ ली। धामी ने अपनी टीम को चुनाव मैदान में उतार दिया है, जिसकी कमान एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों में रहने जा रही है। राज्य के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब कोई मुख्यमंत्री लगातार दूसरे विधानसभा चुनावों का नेतृत्व करेगा। वर्ष 2022 में भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन का मिथक तोड़ा था। पहली बार किसी मुख्यमंत्री के नाम लगातार दूसरी बार शपथ लेने का भी रिकॉर्ड बना। लेकिन बीते चार साल से धामी सरकार में मंत्रियों के पांच पद खाली रहने से राज्य में राजनीतिक उहापोह की स्थिति भी बनी हुई थी। लेकिन अब विधानसभा चुनावों की घोषणा से करीब 10 महीने पहले पार्टी ने धामी मंत्रिमंडल के सभी पदों को भरने के साथ ही, मिशन 2027 की स्थिति भी स्पष्ट कर दी है। इस विस्तार से साफ हो गया कि, 2027 के विधानसभा चुनावों में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही भाजपा का नेतृत्व करेंगे। यह राज्य के इतिहास में ऐसा पहला मौका होगा, जब कोई मुख्यमंत्री न सिर्फ अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा कर रहा होगा, बल्कि लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनावों में पार्टी को नेतृत्व प्रदान करेगा।
