शुद्धिकरण मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर कांग्रेस पर साधा निशाना
देहरादून, न्यूज़ आई : शुद्धिकरण मामले को लेकर उठे विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है. मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस के पास ऐसा कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है जिससे यह साबित हो कि हल्द्वानी में किसी व्यक्ति को अपमानित करने के उद्देश्य से शुद्धिकरण कराया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को तूल देकर समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है. खास बात यह है कि इस मामले में एक दिन पहले ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. इसके ठीक बाद मुख्यमंत्री धामी ने फिर इस विवाद का जिक्र करते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं. ऐसे में सीएम का बयान राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे संवेदनशील विषयों को हवा देने के बजाय कांग्रेस को तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए. उन्होंने कांग्रेस से समाज को जोड़ने की जिम्मेदारी निभाने की अपील भी की.
