मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एचडीएफसी बैंक द्वारा प्रदत्त 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस का किया फ्लैग ऑफ
देहरादून, न्यूज़ आई : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त किए जाने को लेकर जहां एक ओर राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है, तो वही दूसरी ओर तमाम संगठनों और बैंकों की ओर से भी सहयोग किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में एचडीएफसी बैंक ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व यानी सीएसआर (CSR) फंड के जरिए जनहित में चार अत्याधुनिक एंबुलेंस समर्पित किए हैं. जिनका सीएम पुष्कर धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से फ्लैग ऑफ किया.
सीएसआर मद के तहत 4 अत्याधुनिक एंबुलेंस की सौगात: पहले चरण के तहत ये चारों एम्बुलेंस चार पर्वतीय जिलों में सेवाएं देंगी. एचडीएफसी बैंक की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत दी गई 4 अत्याधुनिक एंबुलेंस को राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
“राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है. निजी संस्थाओं की ओर से जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का बेहतर उदाहरण है.“-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
सीएम धाम ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता काफी महत्वपूर्ण है. एचडीएफसी बैंक की ओर से सीएसआर के जरिए उपलब्ध कराई गईं, ये एंबुलेंस जरूरतमंद लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. राज्य सरकार जनभागीदारी एवं संस्थागत सहयोग के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है. सीएम ने एचडीएफसी बैंक की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की स्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं काफी उपयोगी साबित होंगी. राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों और आगामी हरिद्वार कुंभ के लिए भी एचडीएफसी बैंक से सीएसआर के जरिए और एंबुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है.
